भोपाल में क्राइम ब्रांच की कार्रवाई पर शराब व्यापारी का पलटवार, कलेक्टर से शिकायत की तैयारी 

 60 लाख की शराब जब्ती को बताया गलत, व्यापारी बोला– गोदाम वैध,लाइसेंस पूरे

भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध शराब के खिलाफ क्राइम ब्रांच की कार्रवाई अब विवादों में घिरती नजर आ रही है। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के सेमरी रोड स्थित एक गोदाम से करीब 60 लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब जब्त किए जाने के मामले में बैरागढ़ के एक शराब व्यापारी ने कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

शराब व्यापारी का कहना है कि जिस गोदाम से शराब बरामद की गई है, वह पूरी तरह वैध गोदाम है और उसके संचालन के लिए सभी आवश्यक अनुमतियां और लाइसेंस पहले से लिए गए हैं। इसके बावजूद क्राइम ब्रांच ने बिना समुचित तथ्यों की जांच किए कार्रवाई की है।

व्यापारी का आरोप है कि जब्त की गई शराब वैध ब्रांड की है और उसे आबकारी नियमों के तहत ही गोदाम में संग्रहित किया गया था। उनका कहना है कि कार्रवाई से न केवल उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है, बल्कि आर्थिक क्षति भी हुई है।

मामले को लेकर शराब व्यापारी ने अब भोपाल कलेक्टर से लिखित शिकायत करने की तैयारी कर ली है। व्यापारी का दावा है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो क्राइम ब्रांच की कार्रवाई की वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी।

फिलहाल इस मामले में क्राइम ब्रांच की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन मामला प्रशासनिक स्तर तक पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं।