भीम जन्मभूमि में बढ़ा विवाद: प्रशासक नियुक्त करने की मांग, 5000 कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन की चेतावनी
महू (इंदौर)। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जन्मस्थली भीम जन्मभूमि महू में स्मारक समिति को लेकर विवाद तेज हो गया है। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मेमोरियल सोसायटी के सदस्यों ने प्रशासन से संस्था में तत्काल प्रशासक नियुक्त करने की मांग उठाई है। इस संबंध में जारी प्रेस नोट में समिति के पदाधिकारियों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रेस नोट के अनुसार, स्मारक समिति के दो तिहाई सदस्य पिछले तीन वर्षों से कथित फर्जी समिति को हटाने और न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए कई बार ज्ञापन, धरना और प्रदर्शन किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे अनुयायियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

समिति के सदस्यों का आरोप है कि संस्था में आर्थिक अनियमितताओं, अवैध वसूली और प्रशासनिक मनमानी के मामले सामने आए हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, महाराष्ट्र से आए अनुयायियों से कथित रूप से अवैध वसूली और विवाद की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है। मामला हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ तक पहुंच चुका है, जहां रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसायटी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। बावजूद इसके अब तक अंतिम फैसला नहीं हो पाया है। समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो डॉ. आंबेडकर जयंती के दिन 5000 कार्यकर्ताओं के साथ भीम जन्मभूमि पर दीप जलाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा और देशभर में इस मुद्दे को उठाया जाएगा। साथ ही भीम जन्मभूमि से मुख्यमंत्री कार्यालय और प्रधानमंत्री कार्यालय दिल्ली तक पदयात्रा निकालने की भी तैयारी की जा रही है। सदस्यों ने जिला कलेक्टर इंदौर से मांग की है कि विवाद को देखते हुए संस्था में प्रशासक नियुक्त कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि करोड़ों अनुयायियों की आस्था के केंद्र भीम जन्मभूमि की गरिमा बनी रहे।
शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई, CM हाउस के बाहर तनाव