96.7% दुकानें निष्पादित, होल्ड ऑफर में लक्ष्य से 40 करोड़ अधिक राजस्व मिलने कीसंभावना_आयुक्त 

भोपाल। मध्यप्रदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मदिरा दुकानों के निष्पादन से आबकारी विभाग राजस्व लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच गया है। 16 अप्रैल 2026 तक प्रदेश की कुल 3553 मदिरा दुकानों में से 3437 दुकानों (96.7%) का निष्पादन पूरा हो चुका है, जिससे विभाग को 18,180 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, 13 अप्रैल को 36 दुकानों का निष्पादन किया गया था। इन दुकानों का आरक्षित मूल्य 312.09 करोड़ रुपये था, जबकि इनके बदले 179.99 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

 18,580 करोड़ रुपये प्राप्त हो सकते हैं 

इस वर्ष मदिरा दुकानों का कुल आरक्षित मूल्य 19,952 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि वित्त विभाग ने कुल 20,280 करोड़ रुपये का कलेक्शन लक्ष्य दिया है। विभाग को अन्य स्रोतों से लगभग 1,700 करोड़ रुपये की आय का अनुमान है, जबकि केवल मदिरा दुकान निष्पादन से 18,580 करोड़ रुपये प्राप्त होने की अपेक्षा है।

 फिलहाल 116 दुकानें शेष,440 करोड़ रुपये के होल्ड 

फिलहाल 116 दुकानें शेष हैं, जिनका कुल आरक्षित मूल्य 1,137 करोड़ रुपये है। इन दुकानों के लिए अब तक 440 करोड़ रुपये के होल्ड ऑफर प्राप्त हो चुके हैं। इस आधार पर न्यूनतम संभावित कुल राजस्व 18,620 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

16 अप्रैल की स्थिति में विभाग अभी लक्ष्य से 400 करोड़ रुपये पीछे है, लेकिन यदि होल्ड ऑफर की पूरी राशि जुड़ती है तो यह अंतर खत्म होकर विभाग 40 करोड़ रुपये की बढ़त में आ सकता है।

गौरतलब है कि विगत वर्षों में मदिरा दुकान निष्पादन से प्राप्त आय का लगभग 9.5% हिस्सा अन्य स्रोतों से भी प्राप्त होता रहा है, ऐसे में विभाग के लिए इस वर्ष लक्ष्य पार करना लगभग तय माना जा रहा है।